भोपाल, 2 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर मंगलवार को हवा चलने की वजह से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटो में राज्य के कई हिस्सों में कोहरा छाने की संभावना जताई है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार की सुबह ठंड रही। आसमान साफ होने से धूप खिली रही, जिसने ठंड से राहत दिलाई। मौसम में आए बदलाव की वजह जम्मू कश्मीर में हुई बर्फबारी है। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 24 घंटों में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर आदि में कोहरा छा सकता है।
राज्य में मौसम में बदलाव का दौर जारी है, ठंड का असर फिर बढ़ने लगा है। मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 13 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 9.1 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 29.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 24.9 और जबलपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath