चंडीगढ़/लुधियाना, 3 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह ने बुधवार को ‘यौन उत्पीड़न’ का आरोप लगाने वाली ब्रिटिश मूल की महिला के साथ सगाई की बात से साफ इनकार कर दिया।
उल्लेखनीय है कि महिला ने सरदार सिंह पर ‘यौन उत्पीड़न’ का आरोप लगाया है और साथ ही महिला ने सरदार को अपना मंगेतर भी बताया।
सरदार ने हालांकि लंदन के लीड्स की रहने वाली महिला से जान-पहचान होने से इनकार नहीं किया है।
सरदार सिंह ने बुधवार को चंडीगढ़ हवाईअड्डे पर संवाददाताओं को बताया, “मैं पहले पुलिस रिपोर्ट देखूंगा और उसके बाद ही मीडिया से सवालों का जवाब दूंगा। मैंने शिकायतकर्ता महिला के साथ सगाई नहीं की है।”
संवाददाताओं के प्रश्नों से बचते हुए हॉकी कप्तान ने कहा, “मैं पिछली रात ही मैच खेलकर वापस लौटा हूं और अब अगले खेल पर ध्यान दे रहा हूं।”
सरदार इस समय हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चौथे संस्करण में व्यस्त हैं।
हरियाणा के सिरसा जिले में सरदार सिंह के पिता गुरनाम सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि उनका बेटा ब्रिटिश महिला को जानता है, लेकिन उन्होंने दोनों की सगाई की बात को सिरे से खारिज कर दिया।
पंजाब पुलिस की ओर से बुधवार को कहा गया कि मामले की जांच की जा रही है।
लुधियाना पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला अंडर-19 ब्रिटिश महिला हॉकी टीम में शामिल होने वाली पहली सिख खिलाड़ी हैं।
शिकायत लुधियाना जिले के कूमकलां पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी एस. एस. नागरा ने मामले की जांच शुरू होने की पुष्टि की है।
महिला ने लुधियाना पुलिस आयुक्त पी. एस उमरानांगल के पास शिकायत दर्ज करवाई, जिन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए।
महिला का आरोप है कि सरदार सिंह ने 2014 में उससे सगाई की। इसके बाद दोनों के बीच बने शारीरिक संबंध से वह पिछले साल गर्भवती भी हुईं। महिला ने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि सरदार सिंह ने उन्हें गर्भपात के लिए मजबूर किया और धीरे-धीरे उन्हें नजरअंदाज करना शुरू कर दिया।
पुलिस को दर्ज शिकायत के अनुसार, दोनों के बीच सोशल नेटवर्किं ग साइट के जरिए दोस्ती हुई और वह 2012 में सरदार सिंह से मिलीं।
सरदार सिंह भी इससे पहले महिला की मौजूदगी वाली फोटो और ट्वीट साझा कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath