कॉल गुणवत्ता पर अगला जांच अभियान अप्रैल तक : ट्राई

नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) देश भर में कॉल की गुणवत्ता जांच का अगला अभियान अप्रैल में चला सकता है। यह बात मंगलवार को ट्राई अध्यक्ष आर.एस. शर्मा ने कही।

कुछ दूरसंचार सेवा प्रदाता (टीएसपी) कंपनियों द्वारा जांच अभियान का विरोध किए जाने की बात पूछे जाने पर शर्मा ने कहा, “ट्राई नियमित तौर पर रोड टेस्ट कर रहा है। पिछली बार से कंपनियों ने आपत्ति उठानी शुरू कर दी है। वे यह कह रही हैं कि आप जिस सड़क का उपयोग करते हैं, उसके लिए हमसे बात नहीं करते हैं।”

उन्होंने इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएएमएआई) द्वारा आयोजित 10वें भारत डिजिटल सम्मेलन में कहा, “हमने वह प्रक्रिया भी शुरू कर दी। इस बार जब हमने जांच की तो उनके सुझाव भी लिए।”

दिसंबर 2015-जनवरी 2016 के बीच हुई जांच में अधिकतर कंपनियां निर्धारित मानक पर खरी नहीं उतर पाईं। यह जांच कॉल की गुणवत्ता बढ़ाने और कॉल ड्रॉप की समस्या कम करने के उद्देश्य से की जाती है।

यह पूछने पर कि मानक पर खरी नहीं उतरने वाली कंपनियों पर क्या ट्राई कोई कार्रवाई करेगी, शर्मा ने कहा, “हमने सिर्फ परिणाम प्रकाशित किए हैं। हम इसका विश्लेषण कर आवश्यक कदम उठाएंगे।”

उन्होंने कहा, “अगली जांच अप्रैल में होगी। इसबार हम सात शहरों में जांच कर रहे हैं और जरूरत हुई तो कुछ और शहरों में जांच की जाएगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493