नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सियाचिन में तैनाती के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आने से गुरुवार को शहीद हुए लांस नायक हनुमनथप्पा कोप्पड़ की बहादुरी के लिए उनकी सराहना की।
केजरीवाल ने पत्रकारों से कहा, “हम उनके जज्बे को सलाम करते हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके परिवार को इस दुखद घड़ी से निपटने की शक्ति प्रदान करें।”
हनुमनथप्पा समुद्रतल सतह से 20,000 फुट ऊंचाई पर स्थित सियाचिन सैन्य चौकी पर तैनाती के दौरान तीन फरवरी को नौ अन्य जवानों के साथ हिमस्खलन में 35 फुट बर्फ के नीचे दब गए थे।
हादसे में अन्य जवानों की जहां मौत हो गई, वहीं हनुमनथप्पा छह दिन बाद बर्फ के नीचे से जीवित बचा लिए गए।
बर्फ से बाहर आने के बाद कोमा में चले गए हनुमनथप्पा को अगले दिन उपचार के लिए दिल्ली ले आया गया, जहां चिकित्सकों के लाख प्रयास के बावजूद गुरुवार को उनका निधन हो गया।
dharmpath.com dharmpath