जनता के साथ मित्रवत व्यवहार करे पुलिस : राजनाथ

नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस से जनता के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार करने और उनका भरोसा जीतने की अपील की।

राजनाथ ने कहा, “दिल्ली पुलिस को जनता के साथ नेक और दोस्ताना बर्ताव करना चाहिए, ताकि आम जनता पुलिस को अपनी परेशानी बताने में डरे नहीं। पुलिस को उनका दिल जीतना चाहिए।”

गृहमंत्री उत्तरी दिल्ली स्थित किंग्सवे कैंप के न्यू पुलिस लाइन में दिल्ली पुलिस के 69वें स्थापना दिवस पर आयोजित परेड में शामिल हुए और उन्होंने परेड की सलामी ली।

राजनाथ ने इस अवसर पर दिल्ली पुलिस कल्याण कोष के लिए पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की और सराहनीय सेवा के लिए अवार्ड भी प्रदान किए।

गृहमंत्री ने दिल्ली के साथ ही पूरे देश में अपराध नियंत्रण के लिए नवीन उपाय अपनाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा, “अपराधी आजकल अपराध के भिन्न-भिन्न तरीके आजमा रहे हैं, जैसे सोशल मीडिया। इसलिए पुलिस को अधिक सतर्क रहने और इस तरह के अपराधों से निपटने के लिए नवीन तकनीक विकसित करनी चाहिए।”

इसके अलावा उन्होंने दिल्ली पुलिस द्वारा शुरू किए गए डिजिटल पहल, जैसे ट्विटर हैंडल शुरू करना, के लिए दिल्ली पुलिस की सराहना भी की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493