भोपाल, 18 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वायुसेना के विशेष विमान से गुरुवार को एक दिवसीय प्रवास पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंच गए हैं। वह यहां सीहोर जिले के शेरपुर में आयोजित किसान महासम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को औपचारिक रूप से लागू किए जाने की शुरुआत होगी। आयोजन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मोदी वायुसेना के विशेष विमान से भोपाल पहुंचे और स्टेट हैंगर पर राज्यपाल रामनरेश यादव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी अगवानी की। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मोदी यहां से दोपहर एक बजे हेलीकॉप्टर से सीहोर रवाना हुए। वहां शेरपुर में अपराह्न् 2.30 बजे तक किसान कल्याण मेला कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। मोदी कार्यक्रम स्थल से अपराह्न् 2.35 बजे रवाना होकर हेलीकाप्टर से भोपाल आएंगे, जहां से विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस महासम्मेलन में प्रधानमंत्री, कृषि कर्मण पुरस्कार 2013-14 की ट्रॉफी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री गौरीशंकर बिसेन और मुख्य सचिव को सौंपेंगे। मध्य प्रदेश के किसानों की ओर से मुख्यमंत्री मोदी को ‘किसान मित्र सम्मान’ से सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा। मोदी करीब 32 मिनट तक किसानों को संबोधित करेंगे।
इस मौके पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी किसानों को संबोधित करेंगे।
भाजपा का दावा है कि इस आयोजन में पांच लाख से ज्यादा किसान पहुंचेंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath