देशद्रोहियों पर रुख स्पष्ट करें कांग्रेस : शाह

बहराइच, 24 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को उत्तर प्रदेश के बहराइच में कांग्रेस से देशद्रोहियों पर रुख स्पष्ट करने के लिए कहा। शाह ने यहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की।

शाह ने जेएनयू की घटना पर कहा कि ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ क्या यह कोई आजादी के लिए दिया गया भाषण है या फिर देशद्रोह है। शाह ने कांग्रेस और विरोधी पार्टियों पर भी अपना निशाना साधा।

शाह ने कहा, “कांग्रेस से पूछना चाहूंगा कि क्या वह अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर देशद्रोही नारों का पक्ष नहीं ले रही। संसद में भी इस बात पर ही बहस चल रही है कि क्या देशद्रोह के नारे लगाने की आजादी दी जानी चाहिए या नहीं।”

शाह बहराइच में आयोजित एक रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संसद में बैठने वाली पार्टियां स्पष्ट करें कि “क्या देश के खिलाफ लगने वाले ये नारे अभिव्यक्ति की आजादी है या फिर राष्ट्रद्रोह है।”

शाह ने गुल्लाबीर मंदिर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को 2017 में उप्र विधानसभा चुनाव जीतने के टिप्स दिए।

शाह ने यहां मंदिर परिसर में स्थापित महाराज सुहेल देव की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इसके बाद वह बलरामपुर के लिए रवाना हो गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493