बिहार में अपराध बर्दाश्त नहीं : नीतीश

पटना, 27 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा कि बिहार में अपराध की घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने कहा कि अपराध के मामले में देश में बिहार का स्थान 12वां है और विपक्ष के नेता जो आंकड़े पेश करते हैं उसका कोई आधार नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार किसी भी अपराधी को नहीं बचा रही है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा के जवाब में कहा, “विपक्ष के नेताओं को केवल सवाल पूछने आता है, लेकिन वे जवाब सुनने को तैयार नहीं हैं। विपक्ष के पास धैर्य नहीं है।”

उल्लेखनीय है कि छुट्टी के दिन (शनिवार) सदन की बैठक चलने से नाराज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने सदन का बहिष्कार कर दिया है।

विपक्ष के दबाव में काम करने के आरोप का जवाब देते हुए नीतीश ने कहा, “भाजपा के लोग मेरे स्वभाव से वाकिफ हैं। मैं किसी के दबाव में नहीं आने वाला हूं। आखिर कोई क्यों दबाव डालेगा।”

बिहार में जंगलराज को नकारते हुए कहा नीतीश ने कहा, “राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है और ‘जंगलराज’ शब्द को विपक्ष भुनाने की कोशिश कर रहा है।”

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर अपराध की घटनाओं को बढ़ाचढ़ा कर पेश करने का आरोप लगाया और कहा कि दिनभर की सभी अपराधिक घटनाओं को एकत्र कर वे लोग जंगलराज की बात करते हैं और राज्य में भय का माहौल बनाना चाहते हैं।

नीतीश ने कहा कि विपक्ष की साजिश किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने दी जाएगी। नेताओं की हत्या पर नीतीश ने कहा कि नेताओं की सुरक्षा का भी रिकार्ड पुलिस अधिकारियों से मांगा गया है।

उन्होंने कहा कि “दुष्कर्म मामले में आरोपी विधायक राजबल्लभ यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापे मार रही है। वह कहां जाएगा? विधायक को कानून के कटघरे में खड़ा होना पड़ेगा। न्यायालय से अपील की जाएगी की इस मामले की सुनवाई तेजी से की जाए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493