नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस के प्रमुख के पद पर आलोक कुमार वर्मा की नियुक्ति के दो दिन बाद विशेष पुलिस आयुक्त ताज हसन ने मुख्य प्रवक्ता का अतिरिक्त पदभार संभाल लिया। ऐसा दिल्ली पुलिस में पहली बार हुआ।
हसन 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और राष्ट्रीय राजधानी में महत्वपूर्ण पद विशेष आयुक्त (अपराध) का पद संभाल रहे हैं। अब वह वर्तमान प्रवक्ता पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) राजन भगत के साथ मिलकर प्रवक्ता की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे।
भगत साल 2006 से ही दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता का अतिरिक्त पदभार संभाल रहे हैं।
हसन ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से अपना पदभार संभाल लिया। पुलिस आयुक्त वर्मा ने अपने आदेश में यह साफ किया है कि भगत को हटाया नहीं गया है, बल्कि वे उनके सहयोगी की जिम्मेदारी निभाएंगे।
यह वर्मा के 80,000 कर्मियों वाली मजबूत दिल्ली पुलिस बल के प्रमुख का पदभार संभालने के बाद किया गया पहला बड़ा बदलाव है।
प्रमुख प्रवक्ता का पद भार संभालने के बाद हसन ने बुधवार को कहा कि वे और भगत मिलकर मीडिया के साथ जानकारियां बाटेंगे।
यह पूछे जाने पर कि क्या दिल्ली पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मीडिया को कोई सूचना नहीं देंगे। हसन ने कहा, “सभी पुलिस उपायुक्त और संयुक्त पुलिस आयुक्त मीडिया के सवालों का जवाब देने के लिए उपलब्ध रहेंगे। अगर मीडिया के किसी सवाल का वरिष्ठ अधिकारी जवाब नहीं देते हैं तो मैं और राजन भगत आपको जानकारी देने के लिए हमेशा उपलब्ध हैं।”
dharmpath.com dharmpath