लखनऊ , 8 मार्च (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि जो जोखिम लेता है, वही आगे बढ़ता है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी तो वह स्वतंत्र होंगी। वहीं जब विभिन्न सदनों में महिलाएं ज्यादा होंगी तो उनसे जुड़ी बातें ज्यादा मजबूती से रखी जा सकेंगी।
मुख्यमंत्री महिला दिवस पर आयोजित रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विभन्नि क्षेत्रों में काम कर रहीं 97 महिलाओं और 40 एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया, लेकिन इतना काफी नहीं है। जब सदनों में महिलाएं दिखेंगी तब उनसे जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पेंशन योजना को सबसे ज्यादा प्रभावशाली योजना बताते हुए कहा कि जब लोग अपना आधा कारोबार या मकान की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर करेंगे तो वे मजबूत होंगी। वही परिवार खुश रहता है, जहां महिलाएं खुश रहती हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने महिलाओं को सम्मानित करने का काम शुरू किया है। आगे चल कर इस कार्यक्रम को और भव्य बनाया जाएगा।
एसिड अटैक से पीड़ित महिलाओं की व्यथा पर उन्होंने कहा कि इस खुशियों भरे संसार में बहुत दुख भी हैं, लेकिन इन्होंने अपनी मेहनत से परेशानियों को कम किया है। सरकार इनकी परेशानियों को कम कर सकती है।
इस कार्यक्रम में सांसद डिम्पल यादव ने कहा कि आज कार्यक्रम के दौरान पहली बार महसूस हुआ कि दुनिया की आधी आबादी महिलाएं हैं। लोहिया जी ने कहा था कि महिलाएं बहुत पिछड़ी हुई हैं।
dharmpath.com dharmpath