आर्ट ऑफ लिविंग के कार्यक्रम पर छाए ‘काले बादल’

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। मौसम विभाग ने शुक्रवार रात फुहारें और भारी बारिश होने की संभावना जताई है। ऐसे में यहां शुक्रवार शाम से आयोजित हो रहे तीन दिवसीय विश्व संस्कृति महोत्सव का उत्साह खटाई में पड़ सकता है।

देश की दो शीर्ष मौसम एजेंसियों भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और स्काईमेट वेदर सर्विसेज ने आईएएनएस को बताया कि शुक्रवार रात फुहारें पड़ने की संभावना है। वहीं, शनिवार व रविवार को भी बारिश हो सकती है।

देश की एकमात्र निजी मौसम विज्ञान एजेंसी ‘स्काईमेट’ के निदेशक महेश पालावत ने कहा, “शनिवार और रविवार को सुबह से शाम तक तेज हवा व गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।”

मौसम विभाग की ओर से शनिवार शाम तेज फुहारें पड़ने का अनुमान जताए जाने से कार्यक्रम के आयोजकों की सांसें भी ऊपर-नीचे होने लगी हैं, जो कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं।

आईएमडी की ओर से कहा गया, “दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के दूरदराज के इलाकों में तेज बारिश की संभावना है। शुक्रवार रात को भी बारिश व गरज के साथ फुहारें पड़ने के आसार हैं।”

आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर का आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन यहां यमुना के किनारे 11 से 13 मार्च तक विश्व सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन करा रहा है। यह कार्यक्रम पर्यावरणीय नियामकों के उल्लंघन को लेकर पहले ही विवादों में है।

आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन की ओर से प्रशासन को बताया गया है कि इस कार्यक्रम में तीन लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। हालांकि इसने अपने प्रचार से संबंधित सामग्रियों में कार्यक्रम में 155 देशों से 35 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है।

आयोजकों ने कार्यक्रम पर 25.63 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493