इंफाल, 20 मार्च (आईएएनएस)। मणिपुर के थौबल जिले में एक बुजुर्ग शिक्षक को 15 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास और छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
घटना थौबल जिले के विष्णु नाहा में एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल के छात्रावास में शुक्रवार रात हुई।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा, “18 मार्च की रात आरोपी हमारे कमरे में घुस आया, जहां हममें से कुछ अगले दिन की परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उसने हमें कमरे से बाहर जाने के लिए कहा। जब मैं कमरे में अकेली बची तो उसने मुझसे छेड़छाड़ कर दुष्कर्म की कोशिश की।”
छात्रा ने बताया, “सौभाग्य से एक छात्र ने इसे देखा और उसने अन्य लोगों को चौकन्ना किया।”
छात्रा ने कहा, “आरोपी केइशाम इबोहन्बी (61) ने उसे घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी भी दी।”
थौबल जिला अदालत ने शनिवार को इबोहन्बी को 22 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि उस पर बच्चों की सुरक्षा के लिए यौन अपराध अधिनियम 2012 के तहत आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने कहा, “आरोपी मान्यता प्राप्त शिक्षक नहीं था और चौंकाने वाली बात यह है कि छात्रावास में 50 लड़कियों के होने के बावजूद भी कोई महिला वार्डन नहीं थी।”
छात्र संगठनों और महिला समूह ने ‘क्रूरतापूर्ण कृत्य’ की निंदा की है।
वहीं छात्रों के एक समूह ने घोषणा की है कि वह इबोहन्बी को शिक्षक के रूप में कभी काम नहीं करने देगा।
dharmpath.com dharmpath