छग : छेड़खानी के आरोप में पूर्व भाजपा विधायक टेकाम गिरफ्तार

छत्तीसगढ़, 26 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में डौंडीलोहारा के पूर्व भाजपा विधायक लाल महेंद्र सिंह टेकाम ने होली के दूसरे दिन शीतला माता की पूजा कर घर लौट रही महिलाओं से छेड़खानी की। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी टेकाम को शुक्रवार की शाम गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

डौंडीलोहारा थाना प्रभारी विजय कुमार राठौर के मुताबिक, महिला की रिपोर्ट पर आरोपी पूर्व भाजपा विधायक के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 354 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, परंपरानुसार जैन समाज की दो महिलाएं होली के दूसरे दिन नगर के शीतला तालाब के प्राचीन मंदिर में मां शीतला की पूजा अर्चना कर प्रात: तकरीबन सवा दस बजे लौट रही थीं। घर दूर होने के कारण थकी महिलाएं रास्ते में राम मंदिर के समीप कुछ देर के लिए बैठ गई।

मंदिर के पास पहले से ही मौजूद क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक लाल महेंद्र सिंह टेकाम शराब के नशे में महिलाओं के पास पहुंचकर उनसे नाम-पता पूछते हुए कई आपत्तिजनक सवाल किए।

यही नहीं एक महिला के दोनों कंधों पर दोनों हाथ रखकर उसे बेइज्जत करने का प्रयास करने लगे। पीड़िता के साथ गई महिला की जेठानी ने टेकाम को काफी खरी-खोटी सुनाई।

टेकाम की हरकत से भयभीत दोनों महिलाओं ने किसी अनहोनी के डर से समीप में क्रिकेट खेल रहे एक बच्चे से मोबाइल लेकर अपने साथ हुई घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।

परिजनों के आने के बाद, पीड़ित महिला ने टेकाम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय दंड विधान की धारा 354 के तहत टेकाम के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां जमानत नहीं मिलने पर उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के समय भी टेकाम नशे में थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493