मोदी ने असम में बांग्लादेशी घुसपैठ पर कांग्रेस को आड़े हाथ लिया (राउंडअप)

बोरगुरी (तिनसुकिया, असम), 26 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम चुनाव अभियान की शुरुआत यहां रैली में असम में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर तीखा हमला बोलकर की।

उन्होंने देश पर 60 साल के कांग्रेस के कुशासन का उल्लेख करते हुए बांग्लादेशी घुसपैठ रोकने और वर्षो से अवैध रूप से यहां रह रहे लोगों को वापस जाने के लिए मजबूर कर देने का वादा किया।

उन्होंने पूर्वोत्तर के इस राज्य में एक के बाद एक कई रैलियां कीं और इस दौरान विकास और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर बोलने के अलावा उन्होंने कांग्रेस पर असम के राज्य पशु एक सिंग वाले गैंडों की हत्या करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

मोदी ने राज्य के चार जिलों में बड़ी-बड़ी रैलियों और सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा मोदी ने कहा कि केवल भाजपा के मुख्यमंत्री पद के युवा प्रत्याशी सर्बानंद सोनोवाल ही असम की जनता के सपनों को पूरा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा असम में सत्तारूढ़ होती है तो केंद्र और राज्य सरकारें साथ मिलकर काम करेंगी और असम के विकास को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगी, जिससे लोगों के रहन-सहन के स्तर में बदलाव आएगा।

मोदी ने असम के लखीमपुर जिले के बिहपुरिया के नजदीक नारायणपुर में एक रैली के बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा, “असम सरकार को बांग्लादेशियों को हमेशा से चाहती रही। यहां की सरकार बांग्लादेशियों को सोने की थाली परोसती है, लेकिन स्वदेशी लोगों से वह भी ले लेती है जो उनके पास है।”

मोदी ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए इसे ‘आपराधिक लापरवाही’ कहा।

उन्होंने कहा, “हम दिल्ली में ऐसे कदम उठा रहे हैं, जिससे असम में न केवल घुसपैठ पर लगाम लगेगी, बल्कि हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि असम में रह रहे घुसपैठिए वापस जाएं।”

मोदी ने कहा कि उनकी लड़ाई असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के खिलाफ नहीं, बल्कि गरीबी, भ्रष्टाचार और असम की बर्बादी के खिलाफ है।

मोदी ने कहा कि उनके मन में गोगोई के लिए सम्मान है।

उल्लेखनीय है कि गोगोई ने इसी महीने पहले कहा था कि आगामी चुनाव में कांग्रेस की लड़ाई मोदी से उनकी गलत नीतियों और असम व पूर्वोत्तर क्षेत्र के अन्य हिस्सों के साथ हो रहे अन्याय से है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश जब स्वाधीन हुआ तब असम को भारत के सबसे समृद्ध राज्यों में गिना जाता था, लेकिन अब उसे भारत के सबसे गरीब राज्यों में गिना जाता है। यहां भाजपा कभी भी सत्ता में नहीं रही है।

मोदी ने कहा, “आजादी के 60 वर्षो के बाद भी असम की 60 फीसदी जनता बिजली के लिए तरस रही है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?”

मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में 60 वर्षो की सभी समस्याएं सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में भाजपा के पांच वर्षो के शासन में खत्म हो जाएंगी।

मोदी ने भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सोनोवाल की प्रशंसा करते हुए कहा, “चुनाव के बाद असम को एक युवा मुख्यमंत्री मिलेगा।”

मोदी ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार संसद में अंतर्देशीय जलमार्ग का प्रस्ताव ला रही है। यह प्रस्ताव पारित होने पर असम के लोगों को लाभ होगा। खासतौर पर इससे ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष लाभ होगा।

प्रधानमंत्री ने गोलाघाट जिले के बोकाखाट में जनसभा में गैंडों की हत्या जारी रहने पर निशाना साधते हुए कहा, “मैंने सुना था कि कांग्रेस सरकार विकास का पैसा खा जाती है लेकिन गैंडे तक कांग्रेस के हाथों में सुरक्षित नहीं हैं। आखें बंद कर ली जाती हैं और गैंडों की हत्या होने दी जाती है। गैंडों की हत्या करने वालों को राजनीतिक संरक्षण दिया जाता है।”

प्रधानमंत्री ने असम के गरीब परिवारों को घर मुहैया कराने का भी आश्वासन दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493