नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आस्ट्रेलिया के साथ मोहाली में होने वाले टी-20 विश्व कप मुकाबले में भारतीय टीम की जीत की कामना की।
भारत के लिए यह मैच बेहद अहम है क्योंकि यह मैच जीतकर ही भारत सेमीफाइनल में पहुंच सकता है। भारत अगर हारा तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।
मोदी ने रेडियो पर प्रसारित ‘मन की बात’ के 18वें एपिसोड में कहा, “पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। अब भारत ने लय हासिल कर लिया है और मैं रविवार को होने वाले उसके अहम मुकाबले के लिए शुभकामना देता हूं।”
मोदी ने इसके अलावा भारत में अगले साल होने वाले फीफा अंडर-17 विश्व कप के लिए युवाओं से सुझाव मांगे। मोदी ने कहा कि युवा ‘लोगो’ से लेकर विश्व कप के इस संस्करण के लिए टूर्नामेंट गान तक के सुझाव दे सकते हैं।
मोदी ने यह भी कहा कि देश में विश्व कप के लिए उपयुक्त महौल बनाने के लिए अगले एक साल तक देश में फुटबाल को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath