चेन्नई, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु में देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम (डीएमडीके) के बर्खास्त नेताओं ने बुधवार को आरोप लगाया कि पार्टी पर ए. विजयकांत का नहीं, बल्कि उनकी पत्नी प्रेमलता का नियंत्रण है।
विधायक वी.सी.चंद्रकुमार ने संवाददाताओं से कहा कि अगर विजयकांत खुद पार्टी का संचालन करते, तो प्रदेश में मई में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में वे द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के साथ गठबंधन करते।
विजयकांत ने पार्टी के पीपुल्स वेल्फेयर फ्रंट (पीडब्ल्यूएफ) के साथ गठबंधन के अपने फैसले का विरोध करने वाले पार्टी के 10 नेताओं को मंगलवार को बर्खास्त कर दिया था। पीडब्ल्यूएफ में दो कम्युनिस्ट पार्टियों, दलित पार्टी वीसीके और वाईको की एमडीएमके शामिल हैं।
चंद्रकुमार ने कहा कि पार्टी से उनका व अन्य नेताओं का निष्कासन वैध नहीं है, क्योंकि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया।
उन्होंने यह भी पूछा कि पार्टी ने उन विधायकों के खिलाफ कभी कोई कार्रवाई क्यों नहीं की, जो खुलेआम चार वर्षो तक सत्तारूढ़ ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) का समर्थन करते रहे।
उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूएफ से गठबंधन को लेकर वार्ता के लिए प्रेमलता ने पहल की, जबकि विजयकांत पार्टी में बार-बार यह कहते रहे कि वह डीएमके से बात कर रहे हैं।
चंद्रकुमार ने यह भी कहा कि कई वर्तमान विधायक व अन्य पार्टियों के सदस्य आगामी चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं हैं।
dharmpath.com dharmpath