पटना, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक विक्षिप्त व्यक्ति की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
मसौढ़ी के थाना प्रभारी ए.क़े अकेला ने बताया कि कुछ लोगों ने चपौर गांव निवासी महेश्वर मांझी (50) की लाठी-डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मृतक विक्षिप्त था और वह अपने घर से चार-चार दिनों तक लापता रहता था। इसी दौरान वह सुबह किसी के घर में घुसने के प्रयास में पकड़ा गया। इसके बाद लोगों ने उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी।
अकेला के मुताबिक, मृतक के भाई भागीरथ मांझी के बयान पर मसौढ़ी थाने में हत्या की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें गांव के ही चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच भी कर रही है।
dharmpath.com dharmpath