हैदराबाद, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। टेलीविजन रियलिटी शो के लिए स्टंट करने के दौरान एक युवक की जान चली गई। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
19 वर्षीय मोहम्मद जलालुद्दीन की हैदराबाद के फलकनुमा क्षेत्र में 7 अप्रैल को एक स्टंट के दौरान आग लगने से मौत हो गई।
उसने अपने ऊपर केरोसिन डाला था। आग लगाने के बाद वह अपनी टीशर्ट नहीं उतार पाया, जिससे वह 60 प्रतिशत जल गया था।
सहायक पुलिस आयुक्त एम. ए. बारी ने आईएएनएस को बताया कि उसके दोस्त इस स्टंट की मोबाइल पर वीडियो रिकार्डिग कर रहे थे, ताकि उसे वह टेलीविजन चैनल को भेज सके और रियलिटी शो में काम करने का मौका पा सके।
अधिकारी ने कहा कि इंटरमीडिएट का छात्र जलालुद्दीन ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ में भाग लेना चाहता था और इसी के लिए वह अपने दोस्तों की मदद से स्टंट की वीडियो रिकार्डिग कर रहा था।
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि जलालुद्दीन ने केरोसिन पीकर पहले अपने मुंह से आग निकाली। उसके बाद वह अपने दो दोस्तों के साथ एक पहाड़ी के ऊपर चढ़ कर करतब करने लगा। उसने अपने टीशर्ट के ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा ली। लेकिन, इसके बाद वह टीशर्ट को निकालने में नाकाम रहा और जल गया।”
युवक ने मरने से पहले पुलिस को दिए अपने बयान में इस घटना के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है और बताया कि उसने टीवी शो में प्रवेश पाने के लिए ऐसा किया और इसका वह खुद जिम्मेदार है।
dharmpath.com dharmpath