लखनऊ, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने यहां सोमवार को कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर मात्र किसी एक जाति के नेता नहीं थे।
उन्होंने कहा, “बाबा साहब ने सभी जातियों का ख्याल रखा। साथ ही दलितों को लेकर फैले छुआछूत को समाज से खत्म कराने का काम भी जोरदार तरीके से किया। इसी योगदान के कारण सपा उनका सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि जैन धर्म भी गरीबों की मदद करने का संदेश देता है।”
मुलायम सिंह यादव सोमवार को सपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुलायम को जैन समाज की ओर से सम्मानित किया गया।
मंगलायतन विश्वविद्यालय के निर्माण में सहयोग करने पर जैन समाज ने उनका आभार भी जताया। सपा मुखिया ने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि गरीबों और मजलूमों की मदद करें। सभी के साथ बराबरी का व्यवहार करें।
मुलायम ने कहा, “मैंने खुद भी जैन समाज के आदर्शो पर चलने की कोशिश की है। साथ ही गरीबों की मदद का हर संभव प्रयास किया है।”
कार्यक्रम के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दल (युनाइटेड) का अध्यक्ष बनने से संबंधित मीडिया के एक सवाल पर मुलायम ने झल्लाते हुए कहा, “बेमतलब का सवाल मत करिए।”
dharmpath.com dharmpath