बालाघाट, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट में नक्सलियों के एक समूह ने तेंदूपत्ता मजदूरी बढ़ाए जाने की मांग करते हुए बांस ढुलाई में लगे एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया।
बालाघाट के पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि लॉजी से लगभग 45 किलोमीटर दूर छत्तीसगढ़ की सीमा के करीब धीरी मुरुम इलाके में सोमवार दोपहर 30 से 35 नक्सलियों के समूह ने वारदात अंजाम दिया। उन्होंने बांस ढुलाई के काम में लगे एक ट्रक के कर्मचारियों को वाहन छोड़कर अपने उपयोग का सामान लेकर भागने को कहा। इन्हीं कर्मचारियों ने लॉजी थाने पहुंचकर नक्सलियों के संबंध में जानकारी दी और कुछ पर्चे भी सौंपे।
तिवारी ने बताया कि इन नक्सलियों का खैरागढ़ किसान मजदूर संगठन से नाता है। इन्होंने ट्रक के स्टाफ को जो पर्चे दिए हैं, उनमें तेंदूपत्ता तुड़ाई की मजदूरी बढ़ाने की मांग की गई है। बांस ढुलाई में लगे ट्रक को आग के हवाले करने के बाद नक्सली छत्तीसगढ़ की ओर भाग गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संगठन का डिवीजनल कमांडेंट अशोक उर्फ पहाड़ सिंह भी इस वारदात में शामिल था। उस पर 50 लाख का इनाम है।
बालाघाट जिले में पिछले एक पखवाड़े में नक्सलियों की गतिविधियों में अचानक तेजी आई है। इससे पहले नक्सलियों ने एक सरपंच के पति को मनरेगा की मजदूरी का जल्दी भुगतान करने की हिदायत दी थी। एक अन्य घटना में पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ में एक नक्सली के घायल होने की खबर भी आई थी।
dharmpath.com dharmpath