श्रीनगर, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। कश्मीर के एक अधिकार समूह ने शनिवार को कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा इस सप्ताह की शुरुआत में एक लड़की से कथित छेड़छाड़ की घटना को लेकर वह आज (शनिवार) एक संवाददाता सम्मेलन करना चाहता था, लेकिन पुलिस ने मीडियाकर्मियों को उन तक नहीं पहुंचने दिया।
जम्मू एवं कश्मीर नागरिक समाज संगठन (जेकेसीसीएस) के संयोजक खुर्रम परवेज ने आईएएनएस से कहा, “पुलिस ने जेकेसीसीएस कार्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया है और मीडिया को उस लड़की के परिजनों से बातचीत करने की अनुमति नहीं दे रही, जिसके साथ हंदवाड़ा में यौन उत्पीड़न की घटना हुई।”
जेकेसीसीएस ने लड़की की मां व उसके चाचा को मीडिया से बातचीत करने के लिए बुलाया था। मंगलवार को कथित तौर पर हुई इस छेड़छाड़ की घटना के बाद हिंसक प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों तथा सुरक्षाबलों के बीच हुई गोलीबारी में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि सेना ने छेड़छाड़ में अपने किसी जवान की संलिप्तता से इनकार किया है।
परवेज ने कहा, “कार्यालय के बाहर पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी को तैनात कर दिया गया है और लड़की के परिजनों को मीडिया से बात नहीं करने दिया जा रहा। इससे साफ झलकता है कि सच को सामने लाने को लेकर राज्य सरकार कितनी गंभीर है।”
पुलिस ने हालांकि परिसर में मीडिया के घुसने पर रोक लगाने से इनकार किया है। उनका कहना है कि संवाददाता सम्मेलन स्थल अशांत इलाके में पड़ता है और सुरक्षा कारणों से ऐसे कुछ इलाकों में प्रतिबंध लगाए गए हैं। यह स्थल भी ऐसे ही प्रतिबंधित इलाकों में आता है।
पुलिस महानिरीक्षक जावेद मुजतबा गिलानी ने आईएएनएस से कहा, “जिस इलाके में संवाददाता सम्मेलन होना है, वहां पहले से ही प्रतिबंध लगा हुआ है। हमने जेकेसीसीएस को संवाददाता सम्मेलन करने से नहीं रोका है।”
उन्होंने कहा, “वे ऐसे किसी भी जगह पर संवाददाता सम्मेलन कर सकते हैं, जहां प्रतिबंध नहीं लगा है।”
dharmpath.com dharmpath