बंगाल में कोई सुरक्षित नहीं : राजनाथ

करीमपुर(पश्चिम बंगाल), 18 अप्रैल (आईएएनएस)।केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कानून-व्यवस्था के मुद्दों और राजनीतिक हिंसा को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर सोमवार को तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में पश्चिम बंगाल में कोई भी सुरक्षित नहीं है।

यहां नादिया जिले में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए आए राजनाथ सिंह ने राज्य में बुनियादी ढांचा न होने को लेकर भी तृणमूल कांग्रेस की निंदा की।

सिंह ने कहा, “पांच साल पहले जब ममता सरकार राज्य में आई थी, तब लोगों को उम्मीद थी कि वाम मोर्चा के 34 साल के शासन के दौरान राजनीतिक हिंसा का जो चक्र फला-फूला था, वह खत्म हो जाएगा। दीदी(ममता) बदलाव लाएंगी।”

उन्होंने कहा, “लेकिन तृणमूल के शासन में राजनीतिक हिंसा और बढ़ गई है। जनता को समर्थन देने के लिए डराया जा रहा है। तृणमूल ‘मां, माटी, मानुष’ के नारे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन पिछले पांच सालों में मां, माटी और मानुष कोई भी सुरक्षित नहीं रहा।”

गृहमंत्री ने कहा, “तृणमूल और वाम मोर्चा दोनों के नेताओं को यह सच्चाई समझ लेनी चाहिए कि जनता को डरा कर उनका समर्थन नहीं लिया जा सकता।”

मंच से भीड़ को संबोधित करते हुए राजनाथ ने बुनियादी ढांचे की कमी को लेकर भी तृणमूल कांग्रेस का उपहास किया।

राजनाथ ने भीड़ से पूछा, “सड़कें नहीं हैं, स्कूल नहीं हैं, किसानों के लिए पानी नहीं है, यहां तक कि अस्पताल भी नहीं हैं। कम से कम आपके पास डॉक्टर्स और दवाएं तो होनी चाहिए?”

उन्होंने कहा, “कम से कम यहां कोई उद्योग तो होना चाहिए। वह भी नहीं है, तो यहां क्या है? यहां की स्थिति बेहद खराब है। यहां केवल एक उद्योग फलफूल रहा है, वह है, बम बनाने का उद्योग।”

राजनाथ ने इस साल पहले मालदा में एक पुलिस थाने पर एक भारी भीड़ के हमले का जिक्र करते हुए कहा, “यहां स्थिति ऐसी है कि पुलिस थानों पर भी हमला किया जा रहा है और हमले के जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है।”

बंगाल के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए राजनाथ ने लोगों से भाजपा को राज्य में सत्तारूढ़ करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, “आपने केंद्र में भाजपा को इतने विशाल बहुमत से सत्ता में लाकर एक करिश्मा किया था। दिल्ली में सत्ता देकर आपने हमें कुर्ता दिया है। अब बारी है कि भाजपा को बंगाल में सत्ता में लाकर आप हमें एक पाजामा, एक धोती दें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493