जम्मू, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। आध्यात्मिक गुरु श्री एम के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक शुरू की गई पद यात्रा ‘वाक ऑफ होप’ मंगलवार को यहां पहुंच गई।
श्री एम और उनके अनुयायियों ने पीर बाबा कंजू साहिब की दरगाह पर प्रार्थना की और रेलवे स्टेशन के निकट जम्मू एवं कश्मीर पुलिस के शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित किया।
शांति और अंतर धार्मिक सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए मानव एकता मिशन के तहत जनाब मुमजात अली के नेतृत्व में यह पदयात्रा निकाली गई है। मुमजात अली, श्री एम के नाम से मशहूर हैं।
मिशन की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “राष्ट्र की सहज अध्यात्मिकता बहाल करने, सच्चा विश्वास फिर से जगाने और आशा तथा एकता की भावना में नई जान फूंकने के लिए ‘वाक ऑफ होप’ एक पहल है।”
तमिलनाडु के कन्याकुमारी स्थित विवेकानंद रॉक मेमोरियल से 12 जनवरी, 2015 को ‘वाक ऑफ होप’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। यह पदयात्रा इस माह श्रीनगर में समाप्त होगी।
‘वाक ऑफ होप’ 500 दिनों में देश के 11 राज्यों से गुजरते हुए 7,500 किलोमीटर की दूरी तय कर रही है।
यह पदयात्रा पहले ही तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, महारष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से गुजर चुकी है।
dharmpath.com dharmpath