भुवनेश्वर, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बुधवार को 100 शहरी पेयजल आपूर्ति परियोजनाएं शुरू कीं। 63 करोड़ की इन परियोजनाओं का 41 शहरी निकायों में रहने वाले 27 लाख लोगों को लाभ मिलेगा।
ओडिशा की 4.20 करोड़ लोगों की आबादी में से लगभग 65 लाख लोग शहरी इलाकों में रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शहरी गरीबों को खास ध्यान में रखते हुए सभी शहरी लोगों के लिए न्यायसंगत, सस्ती, सतत और सुरक्षित जल आपूर्ति प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पटनायक ने कहा, “हमारी सरकार प्रतिदिन प्रति व्यक्ति 135 लीटर पानी की आपूर्ति करने के लिए और सभी शहरी घरों और झुग्गियों में नलों द्वारा जलापूर्ति करने के लिए काम कर रही है।”
उन्होंने कहा कि शहरी गरीबों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गो को पानी के कनेक्शन मुफ्त दिए जाएंगे।
आवास और शहरी विकास विभाग ने 24 शहरी स्थानीय निकायों के 185 वॉर्ड्स में 422 इलाकों की पहचान की है, जहां गर्मियों के दिनों में पानी की कमी होती है।
पटनायक ने कहा कि वह सप्ताह में एक बार जल आपूर्ति परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। उन्होंने पंचायती राज, आवास और शहरी विकास और ग्रामीण विकास विभागों के मंत्रियों को सप्ताह में दो बार समीक्षा बैठकें करने और उन्हें इन परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी देने को कहा है।
इसी बीच आधिकारिक सूत्रों ने कहा है कि नौ शहरी स्थानीय निकायों में 325 करोड़ रुपये (63 परियोजनाओं) की लागत वाले ‘कायाकल्प और शहरी परिवर्तन योजनाओं के लिए अटल मिशन’ को मंजूरी दे दी गई है।
इनमें भुवनेश्वर, कटक, बरहामपुर, राउरकेला और संबंलपुर के नगर निगम और पुरी, बाड़ीपदा, बालासोर और भद्रक नगर पालिकाएं शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath