मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही कहा कि लोकसुराज अभियान के दौरान सूखा प्रभावित किसानों को खरीफ की बोनी के लिए अधिकतम एक क्विंटल धान निशुल्क दिया जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सूखा प्रभावित किसानों को उड़द, अरहर और मूंग आदि फसलों के बीज भी वितरित किए जाएं।
मुख्यमंत्री बुधवार अपर्राह्न यहां मंत्रालय (महानदी भवन) में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और जिलों के प्रभारी सचिवों की बैठक में लोक सुराज अभियान 2016 की तैयारी की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने राजस्व विभाग के सचिव से कहा कि लोक सुराज अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी जिले में अविवादित नामांतरण और बंटवारे कोई प्रकरण लंबित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग के सचिव को उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए समय पूर्व सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
डॉ. रमन सिंह ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव से कहा कि गर्मी की छुट्टियों में स्कूल भवनों की मरम्मत और अतिरिक्त कमरों के निर्माण जैसे सभी जरूरी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि स्कूल खुलने पर बच्चों और शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पढ़ाई सुचारू रूप से हो सके।
मुख्यमंत्री ने प्रभारी सचिवों से उनके जिलों की स्थानीय समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। बैठक में मुख्य सचिव विवेक ढांड सहित सभी संबंधित विभागों अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath