योग भारत का सबसे बड़ा उपहार : नाइक

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीपद यस्सो नाइक ने बुधवार को यहां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह को लेकर योग महोत्सव के आयोजन के अवसर पर कहा कि योग मानव जाति के लिए भारत का सबसे बड़ा उपहार है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के संबंध में जनता को जागरूक करने के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा योग महोत्सव का आयोजन किया गया है।

श्रीपद नाइक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के 193 देशों में से 177 देशों ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित करने के विचार का समर्थन किया है।

उन्होंने यह स्पष्ट किया कि पिछले कुछ दशकों में योग के स्वास्थ्य पहलू बहुत लोकप्रिय हो गए हैं। योग गैर-संचारी रोगों की रोकथाम और प्रबंधन में बड़ी भूमिका निभा सकता है। इन बीमारियों में परंपरागत दवाइयां प्रभावी समाधान पेश नहीं कर पा रही हैं। योग ऊंचाई वाले क्षेत्रों में काम करने, प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों में काम करने और विभिन्न तनाव पूर्ण स्थिति में काम करने से संबंधित समस्याओं में लाभदायक है। योग खिलाड़ियों का धैर्य बढ़ाने में मदद कर सकता है।

उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय पूरी दुनिया में स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली के रूप में योग के विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए श्रेष्ठ प्रयास कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि मंत्रालय द्वारा किए गए प्रयास आम आदमी तक पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के समारोह इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में बड़े स्तर पर आयोजित किए जाएंगे और यह वास्तविक अर्थो में लोगों का कार्यक्रम होगा। उन्होंने यह बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय स्तर का समारोह चंडीगढ़ में आयोजित करने का प्रस्ताव है ताकि भारी संख्या में लोग इन समारोहों शामिल हो सकें। हालांकि राज्य अपने राज्य स्तर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493