नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। विदेश सचिव एस. जयशंकर यहां मंगलवार सुबह अपने पाकिस्तानी समकक्ष अजीज अहमद चौधरी से मुलाकात करेंगे।
पंजाब के पठानकोट स्थित वायुसेना के अड्डे पर दो जनवरी को हुए आतंकवादी हमले के बाद यह दोनों देशों के बीच पहली औपचारिक वार्ता होगी।
दोनों अधिकारी यहां अफगानिस्तान पर ‘हार्ट ऑफ एशिया’ सम्मेलन से इतर मुलाकात करेंगे।
दोनों राजनयिकों की मुलाकात से द्विपक्षीय वार्ता प्रक्रिया दोबारा पटरी पर आएगी।
पठानकोट सैन्यअड्डे पर हमले के बाद दोनों देशों के बीच वार्ता स्थगित हो गई थी। इस हमले में पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों ने सात भारतीय सुरक्षाकर्मियों को मार दिया था।
गौरतलब है कि इस हमले के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज द्वारा पिछले साल अक्टूबर में पाकिस्तान दौरे के दौरान शुरू की गई वार्ता पटरी से उतर गई थी।
दोनों पक्ष द्विपक्षीय वार्ता की बहाली पर सहमत हो गए हैं। इस वार्ता को व्यापक द्विपक्षीय वार्ता नाम दिया गया है।
‘हार्ट ऑफ एशिया’ बैठक मंगलवार को अपराह्न् तीन बजे हैदराबाद हाउस में होगी।
सम्मेलन से पहले जयशंकर ने सुबह 10 बजे अपने अफगानिस्तानी समकक्ष से द्विपक्षीय वार्ता की। वह पाकिस्तानी समकक्ष से सुबह 11 बजे साउथ ब्लॉक में मुलाकात करेंगे।
dharmpath.com dharmpath