नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को क्षमताएं बढ़ाने के लिए शिक्षा की महत्ता पर जोर दिया। इसके साथ ही गुणवत्ता बढ़ाकर लोगों से कौशल विकास की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने यह बातें मानव विकास संस्थान (आईएचडी) की ओर से दिल्ली को समग्र शहर बनाने पर संगोष्ठी के उद्घाटन के बाद दिए गए संबोधन में कही। यह कार्यक्रम इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में मानव संसाधन विकास संस्थान (आईएचडी) के दिल्ली चेयर द्वारा आयोजित किया गया।
सिसौदिया ने इस अवसर पर क्षमताएं बढ़ाने के लिए शिक्षा की गुणवत्ता की महत्ता पर सभा को संबोधित किया।
शिक्षा और कौशल विकास के अवसर मुहैया कराकर रोजगार को बढ़ावा देने और सामाजिक समग्रता को बढ़ावा देकर सुरक्षा और सावधानी का विस्तार करने पर दो सत्र आयोजित किए गए।
आईसीएसएसआर के चेयरमैन प्रोफेसर एस. के. थोराट, जिनेवा में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ लेबर स्टडीज के पूर्व महानिदेशक और आईएचडी के विजिटिंग प्रोफेसर डॉ. गैरी रोजर्स ने क्रमश: एक-एक सत्र की अध्यक्षता की।
इस सम्मेलन में दिल्ली को समग्र शहर बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में सामने आने वाली चुनौतियों और अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर दिल्ली सरकार ने आईएचडी में मानव विकास के मुद्दे पर दिल्ली चेयर के कार्यक्रमों की सराहना की। इस चेयर के तहत दिल्ली मानव विकास रिपोर्ट 2013, मिलेनियम डिवेलपमेंट गोल (एमडीजी) और दिल्ली स्टेट रिपोर्ट 2014 प्रकाशित की गई।
संगोष्ठी में कुछ महत्वपूर्ण शोधकार्यों के नतीजे पेश किए गए। यहां शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और दिल्ली में सावधानी और सुरक्षा जैसे मानव विकास के मुद्दों पर विमर्श हुआ। इसमें दिल्ली के शासन में सामने आने वाली चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
संगोष्ठी में दिल्ली सरकार की ओर से आम आदमी के लिए पानी और बिजली के बिल कम करने की नई पहल पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर विशेषज्ञों ने नीति संबंधी सिफारिश की।
संगोष्ठी में नागरिकों, सिविल सोसाइटी और दिल्ली सरकार के बीच मजबूत साझेदारी और सहयोग पर भी चर्चा हुई।
आईएचडी के निदेशक प्रोफेसर अलख एन. शर्मा ने संगोष्ठी में 3 साल की अवधि में संस्थान और दिल्ली चेयर की मुख्य रूप से शैक्षिक, सांख्यिकी से संबंधित, निगरानी रखने और मूल्यांकन से संबंधित गतिविधियों और कार्यों का उल्लेख किया।
इसके बाद दिल्ली सरकार में वित्त और योजना विभाग के प्रधान सचिव एस. एन. सहाय ने आईएचडी में दिल्ली सरकार के योजना विभाग की ओर से गठित दिल्ली चेयर की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।
dharmpath.com dharmpath