हैदराबाद, 1 मई (आईएएनएस)। कुछ दिनों की राहत के बाद तेलंगाना फिर से भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। रविवार को राज्य के कई इलाकों में पारा 44 तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में राज्य के सभी 10 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। हैदराबाद के मौसम केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
अगले दो दिनों में हल्की बारिश या गरज के साथ फुहारें पड़ने के बावजूद गर्मी की लहर प्रबल बनी रहेगी।
हैदराबाद के कुछ भागों में शनिवार को हल्की बारिश के बावजूद तापमान अधिक रहा।
खम्मम जिले का भद्राचलम शहर 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रविवार को राज्य में सबसे गर्म रहा। खम्मम, नलगोंडा और रामागुंडम में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
इस वर्ष भीषण गर्मी के कारण राज्य में अब तक 143 लोगों की मौत हो चुकी है। मानसून के आने तक गर्मी की हालत ऐसी ही बनी रहेगी।
गर्मी बढ़ने के कारण सूखे की स्थिति और गंभीर हो गई है। राज्य के कई हिस्से पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath