कुक, मोदी ने भारत में विनिर्माण योजना पर चर्चा की (लीड-1)

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। भारत के लिए एप्पल की भावी योजनाओं की ताजा अंतर्दृष्टि के साथ कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने देश में विनिर्माण और खुदरा व्यापार की संभावनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चर्चा की। दोनों ने यहां शनिवार को मुलाकात की।

मोदी ने कुक को अपनी डिजिटल इंडिया पहल और इसके चिन्हित तीन उद्देश्यों जैसे ई-शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों की आय बढ़ाने के बारे में बताया।

प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है, “इन लक्ष्यों को पूरा करने में मोदी ने एप्पल से समर्थन की इच्छा जाहिर की।”

प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान कुक(45) ने भारत में युवा प्रतिभाओं की विशालता की सराहना की। उन्होंने कहा, “युवाओं के पास सार्थक कौशल हैं, जिसे एप्पल उपयोग करना चाहेगा।”

कुक ने कहा कि इस देश में एप- विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने हैदराबाद में स्थापित हो रहे एप्पल के मानचित्र विकास केंद्र के बारे में विस्तार से उल्लेख किया।

व्यापार सरलीकरण की दिशा में मोदी की पहलों की सराहना करते हुए कुक ने ‘नरेंद्र मोदी मोबाइल एप’ का अद्यतन संस्करण भी लांच किया।

बाद में ट्वीट के जरिए दोनों ने एक-दूसरे को धन्यवाद दिए।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, “धन्यवाद टिम कुक! आपके विचार एवं प्रयास हमेशा संपन्न बनाने वाले रहे हैं।”

इस पर कुक ने जवाब दिया, “एक अच्छी मुलाकात के लिए धन्यवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। अगले भारत दौरे की प्रतीक्षा कर रहा हूं। एप पर शुभकामनाएं!”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में एप की जानकारी देते हुए लिखा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि टिम कुक ने ‘नरेंद्र मोदी मोबाइल एप’ का अद्यतन संस्करण लांच किया। कुक आपका धन्यवाद।”

दोनों ने साइबर सुरक्षा और आंकड़ों के गूढ़लेखन पर भी विचार-विमर्श किए।

मोदी ने साइबर अपराध की चुनौतियों से निपटने में वैश्विक समुदयों की मदद करने के लिए कुक को प्रोत्साहित किया।

एक भारतीय टीवी चैनल के साथ साक्षात्कार में शुक्रवार को कुक ने जोर देकर कहा था कि वह भारत की ओर समग्रता के साथ देख रहे हैं और भारत में एप्पल अगले हजार वर्षो तक रहेगी।

बाद में एक कार्यक्रम में कुक की इस टिप्पणी की केंद्रीय दूर संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रशंसा की।

प्रसाद ने कहा, “एक हजार साल तक भारत के प्रति सार्वजनिक रूप से प्रतिबद्धता जाहिर करने के लिए मैं एप्पल के मुख्य कार्यकारी का आदर करता हूं। हम मिलकर काम करने को तैयार हैं।”

कुक ने भारतीय दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल के अध्यक्ष सुनील मित्तल से भी मुलाकात की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493