कोलकाता, 27 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शुक्रवार को दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 41 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली।
ममता को राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने यहां इंदिरा गांधी सरणी (रेड रोड) में आयोजित एक समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कई राजनेता और हजारों की संख्या में आम लोग मौजूद थे।
ममता राज्य की आठवीं मुख्यमंत्री और पहली महिला मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने बांग्ला में शपथ ली।
राज्य मंत्रिमंडल में 18 नए चेहरों को शामिल किया गया है। इनमें से तीन महिलाएं हैं, जबकि सात मुस्लिम समुदाय से हैं।
अमित मित्रा, पार्थ चटर्जी, सुब्रत मुखर्जी, सोवनदेब चटोपाध्याय तथा अबनीमोहन जोरदार पहले शपथ लेने वालों में शामिल रहे। अन्य मंत्रियों ने बाद में शपथ ली।
शपथ-ग्रहण समारोह में भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, बांग्लादेश के उद्योग मंत्री आमिर हुसैन अमु, केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और बाबुल सुप्रियो, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद भी शामिल थे।
भीषण गर्मी व तेज धूप के बीच खुले मैदान में शपथ-ग्रहण समारोह होने के बावजूद ममता के हजारों समर्थक इसमें शामिल हुए और उन्होंने ‘दीदी’ को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेते देखा।
ममता ने इससे पहले 20 मई, 2011 को बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। तब तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया-कम्युनिस्ट के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। उनकी इस जीत के साथ ही राज्य में पिछले 34 साल के वाम शासन का अंत हो गया था।
हालिया विधानसभा चुनाव में ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा था और 294 सदस्यीय विधानसभा में इसने दो-तिहाई से भी अधिक, 211 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए सत्ता में वापसी की।
वहीं, कांग्रेस-वाम गठबंधन को केवल 77 सीटों पर जीत मिली। भारतीय जनता पार्टी और गोरखा जनमुक्ति मोर्चा को महज तीन-तीन सीटें मिलीं।
dharmpath.com dharmpath