बैतूल, 2 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी (अजजा) विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की मतगणना के पांचवें दौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मंगल सिंह धुर्वे अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप सिंह उईके पर बढ़त बनाए हुए हैं।
जिला मुख्यालय के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। मतगणना में वोटों की गिनती का कार्य 17 दौर में चलेगा।
घोड़ाडोंगरी के उपचुनाव में सात उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा के मंगल सिंह धुर्वे और कांग्रेस के प्रताप सिंह उईके के बीच है। पांच दौर की गिनती पूरी हो गई है। पहले दौर में जहां भाजपा उम्मीदवार आगे रहे, वहीं दूसरे दौर में कांग्रेस उम्मीदवार ने बढ़त हासिल कर ली। उसके बाद से ही भाजपा के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।
निर्वाचन आयोग के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पांचवें दौर में भाजपा उम्मीदवार धुर्वे ने कुल 5,406 वोटों की बढ़त हासिल कर ली है। भाजपा उम्मीदवार को 16 हजार 54 और कांग्रेस उम्मीदवार को 10 हजार 648 वोट मिले हैं।
वर्ष 2013 में हुए विधानसभा के चुनाव में भाजपा के सज्जन सिह उईके विजयी हुए थे। उनके निधन के चलते यहां उपचुनाव हुआ।
dharmpath.com dharmpath