पटना, 2 जून (आईएएनएस)। बिहार में इस साल अप्रैल से लागू शराबबंदी के बाद से अब तक करीब 54,000 लीटर देशी शराब और 37,000 लीटर भारत में निर्मित विदेशी शराब जब्त की गई है। इस मामले में 3,645 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के आयुक्त कुंवर जंग बहादुर ने यहां गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि विभाग द्वारा शराबबंदी को लेकर राज्यभर में छापेमारी अभियान जारी है।
उन्होंने बताया कि उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा शराब को लेकर कुल 34,470 छापेमारी की गई तथा 3859 मामले दर्ज हुए। इस दौरान 3,645 लोगों को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
बहादुर ने बताया कि अप्रैल और मई महीने में कुल 54,769़ 8 लीटर देशी शराब, 37,670 लीटर विदेशी, 421़2 लीटर मसालेदार देशी, 5,916 लीटर ताड़ी, 19427़ 4 लीटर स्प्रीट तथा 19312़ 6 लीटर चुलाई शराब जब्त की गई।
उन्होंने बताया कि कर्तव्यहीनता के आरोप में विभाग के सात पदाधिकारियों को बर्खास्त किया गया है। इनमें तीन अवर निरीक्षक, एक सहायक अवर निरीक्षक, दो सिपाही (कांस्टेबल) एवं एक चालक शामिल है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में एक अप्रैल से देशी शराब पर प्रतिबंध और पांच अप्रैल से पूर्णशराबबंदी लागू की गई है।
dharmpath.com dharmpath