अगरतला, 3 जून (आईएएनएस)। केंद्र और पूर्वोत्तर के विभिन्न उग्रवादी समूहों के बीच चल रही शांतिवार्ता सकारात्मक दिशा में जा रही है और समूचे क्षेत्र में जल्दी ही शांति कायम होगी।
गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के पूर्वोत्तर के संयुक्त सचिव प्रभारी सत्येंद्र गर्ग ने बताया, “केंद्र पूर्वोत्तर क्षेत्र के कई उग्रवादी समूहों के साथ शांतिवार्ता कर रहा है और यह वार्ता सकारात्मक दिशा में है।”
त्रिपुरा के मुख्य सचिव यशपाल सिंह और राज्य पुलिस प्रमुख के. नागराज के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा, “नेशनल सोशलिस्ट कौंसिल ऑफ नागालैंड (इसाक मुइवा समूह), युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम समेत कई उग्रवादी समूहों के साथ बातचीत चल रही है।”
गर्ग ने कहा, “सरकार की नीति उन उग्रवादी समूहों के साथ बातचीत की है जो हिंसा छोड़ चुके हैं। त्रिपुरा और मिजोरम पूर्वोतर के सबसे शांतिपूर्ण राज्य हैं। पूर्वोत्तर के राज्य चीन, म्यांमार, बांग्लादेश, नेपाल और भूटान पांच देशों से सटे रणनीतिक स्थान पर हैं।”
शनिवार को गर्ग उत्तरी त्रिपुरा के कंचनपुर में विस्थापित जनजाति नेता और राज्य सरकार के साथ बैठक करेंगे।
dharmpath.com dharmpath