नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री गुरुदास कामत के इस्तीफे को राजनीतिक विवाद से दूर करने की कोशिश में कहा कि उन्होंने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है।
पार्टी के प्रवक्ता पी. सी. चाको ने कहा, “जहां तक गुरुदास जी के इस्तीफे का सवाल है, उन्होंने पूरी तरह से निजी कारणों से इस्तीफा दिया है।”
चाको ने कहा, “कांग्रेस देश की सबसे बड़ी पार्टी है और इसमें लोग हमेशा आते-जाते रहते हैं। कई लोगों ने पार्टी छोड़ी है और बाद में वे वापस आएं हैं। बूटा सिंह जी ने भी पार्टी छोड़ी थी और अगले ही दिन वे वापस आ गए। मैंने उनकी उस समय अगवानी की थी।”
चाको ने यह भी कहा कि आम चुनाव 2014 में हुई हार के बाद से किसी वरिष्ठ नेता ने पार्टी नहीं छोड़ी है।
उन्होंने कहा, “2014 के लोकसभा चुनाव और 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव की हार के बाद से किसी वरिष्ठ नेता ने पार्टी नहीं छोड़ी है और कार्यकर्ताओं का मनोबल अभी भी बहुत अधिक है।”
कामत ने सोमवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उसी दिन वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने भी नई पार्टी बनाने की घोषणा की थी।
कामत उत्तर-पूर्व मुंबई लोकसभा क्षेत्र से पांच बार 1984, 1991, 1998, 2004 और 2009 में चुने गए थे। वे मनमोहन सिंह सरकार में गृह और संचार राज्य मंत्री थे।
dharmpath.com dharmpath