सपा की कारगुजारियों पर पर्दा डाल रहे हैं मोदी : मायावती

लखनऊ, 14 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) में मिलीभगत का आरोप जड़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी सपा की कारगुजारियों पर पर्दा डाल रहे हैं।

मायावती ने कहा कि राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों में हुई हार से ध्यान हटाने के लिए भाजपा कैराना मुद्दा उछाल रही है। मायावती मंगलवार को लखनऊ में पत्रकारों से बात कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद मीडिया का ध्यान हटाने के लिए भाजपा ने कैराना का मुद्दा गरम किया है। इससे मीडिया में भाजपा के हारने की खबरें दब गईं।

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि इलाहाबाद में उन्होंने जो कहा उससे साफ हो गया है कि उन्हें यूपी से ज्यादा अपनी पार्टी की चिंता है। भाजपा सपा से मिलीभगत कर अगला विधानसभा चुनाव लड़ना चाह रही है।

मायावती ने कहा, “प्रधानमंत्री ने सपा के भ्रष्टाचार के खिलाफ कहा लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं है कि मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में हुए पुलिस भर्ती घोटाले और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष की जांच बसपा सरकार ने कराई। दोनों मामले कोर्ट में हैं।”

मायावती ने आरोप लगाया कि मजबूत पैरवी नहीं होने की वजह से इन मामलों के दोषी बाहर घूम रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इलाहाबाद में भाजपा नेताओं ने घड़ियाली आंसू बहाए। इन लोगों ने यूपी के लोगों की कोई मदद नहीं की। भाजपा की केंद्र सरकार ने सपा सरकार की अराजकता पर कोई लगाम नहीं लगाई। जो हालात हैं उसको देखते हुए मोदी सरकार ने यूपी में राष्ट्रपति शासन भी नहीं लगाया।

बसपा नेत्री ने कहा कि मोदी की रैली में बाहर से लोग बुलाए गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493