जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया पटना में, जन प्रतिरोध मार्च में लेंगे हिस्सा

पटना, 29 जून (आईएएनएस)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार बुधवार को सुबह पटना पहुंचे। वह आर्ट्स कॉलेज बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आयोजित जन प्रतिरोध मार्च में शामिल होंगे।

पटना आने के बाद कन्हैया ने सबसे पहले पटना स्थित बेउर जेल में बंद ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन (एआईएसएफ) के राज्य सचिव सुशील कुमार सहित अन्य छात्रों से मुलाकात की।

छात्रों से मुलाकात के बाद कन्हैया ने संवाददाताओं से कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, हम छात्रों के आंदोलन में साथ देंगे।

उन्होंने कहा, “मेरी राजनीति बिहार से शुरू हुई है, इसलिए आसपास जो भी गलत चीजें हो रही हैं उसके खिलाफ आवाज उठा रहा हूं और आगे भी उठाता रहूंगा। बिहार के लोग गलत को गलत और सही को सही कहते रहे हैं।”

एआईएसएफ के राज्य उपाध्यक्ष निखिल कुमार झा ने बताया कि कन्हैया के नेतृत्व में ऑर्ट्स कॉलेज बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले प्रतिरोध मार्च निकाला जाएगा तथा विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

इससे पहले कन्हैया के पटना पहुंचने पर पटना हवाई अड्डे पर एआईएसएफ कार्यकर्ताओं और आर्ट्स कॉलेज के छात्रों ने उनका स्वागत किया।

पटना आर्ट्स कॉलेज के छात्र अपनी मांगों को लेकर पिछले दो महीने से आंदोलनरत हैं। कन्हैया के पटना आगमन तथा प्रतिरोध मार्च को लेकर उन क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493