तिरुवनंतपुरम, 9 जुलाई (आईएएनएस)। केरल पुलिस राज्य के कासरकोड जिले से रहस्यमय रूप से अचानक गायब हुए दर्जन भर युवकों के मामले की जांच कर रही है।
ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि ये युवक इस्लामिक स्टेट (आईएस) आतंकवादी संगठन में शामिल होने के लिए गायब हुए हैं।
केरल से अचानक गायब हुए मुसलमान समुदाय के युवकों के आईएस में शामिल होने के डर के बारे में पूछे जाने पर पुलिस प्रमुख लोकनाथ बहरा ने शनिवार को आईएएनएस को बताया, “पहले हमें सभी चीजों की जांच करनी होगी और यह लगभग पूरा हो चुका है।”
लोकनाथ ने पुलिस जांच से संबंधित अन्य चीजों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और इस स्तर पर किसी प्रकार का कोई सवाल न करने का आग्रह किया।
पुलिस प्रमुख ने यह भी कहा कि वह किसी भी प्रकार की जानकारी साझा करने में असमर्थ हैं और अगर केंद्रीय एजेंसियां इस मामले में कुछ कर रही हैं, तो इस बारे में उनसे ही पूछा जाए।
कासरकोड जिले के कुछ लोगों को उनके फोन पर अज्ञात नंबरों से कुछ संदेश मिले और इस संदेश में जगहों के नाम भी दिए गए थे। इन संदेशों में लिखा गया था कि उनके लापता हुए रिश्तेदार अपने स्थान पर पहुंच गए हैं-इस्लामिक स्टेट।
कासरकोड जिले के थिरकारीपुर और पडाना क्षेत्रों से गायब हुए लोगों में जोड़े, शिक्षित युवक और बच्चे भी शामिल हैं।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के लोकसभा सदस्य पी. करुणाकरण, थिरकारीपुर के विधायक एम. राजागोपाल द्वारा इस मुद्दे को मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के साथ उठाए जाने के बाद केरल पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू की है।
dharmpath.com dharmpath