कश्मीर मसले पर राजनाथ ने विपक्ष के नेताओं से चर्चा की

नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित कई नेताओं से मुलाकात कर जम्मू एवं कश्मीर के ताजा हालात पर चर्चा की।

सेना के हाथों हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद घाटी में पिछले कई दिनों से हिंसक विरोध-प्रदर्शनों का दौर जारी है, जिसमें 23 लोगों की मौत हो चुकी है।

गृह मंत्रालय के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “गृह मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित कई नेताओं से कश्मीर मसले पर चर्चा की। गृह मंत्री ने ऐसा करते हुए कश्मीर घाटी में शांति कायम करने के उद्देश्य से सभी संबंधित पक्षों तक पहुंचने की कोशिश की है।”

गृह मंत्री ने सभी दलों से कश्मीर मसले पर ‘एक स्वर में आवाज उठाने’ की अपील की। शुक्रवार को वानी की मौत के बाद से ही कश्मीर घाटी में हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है।

सूत्र ने बताया, “गृह मंत्री ने सभी नेताओं को कश्मीर की स्थिति से अवगत कराया और राज्य में शांति बहाल करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया।”

शनिवार से कश्मीर घाटी में कर्फ्यू लागू है और प्रदर्शनकारियों तथा सुरक्षा बलों के बीच हुई हिंसक झड़पों में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493