पणजी, 11 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस की गोवा इकाई ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर पर चुटकी लेते हुए कहा कि कश्मीर जल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री अफ्रीका में ढोल पीट रहे हैं और पर्रिकर एलईडी बल्ब बांट रहे हैं।
कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रवक्ता सुनील कवथनकर ने यहां संवाददाताओं से कहा, “कश्मीर जल रहा है, लेकिन मोदी अफ्रीका में ढोल पीट रहे हैं, जबकि पर्रिकर गोवा में एलईडी बल्ब बांट रहे हैं।”
शुक्रवार को हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी तथा दो अन्य आतंकवादियों की मौत के बाद कश्मीर घाटी में भड़की हिंसा में अबतक कम से कम 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए पर्रिकर पिछले सप्ताह से ही गोवा में हैं। इन कार्यक्रमों में एक ‘ज्योतिर्मय’ योजना के तहत लोगों को एलईडी बल्ब बांटा जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार का उद्देश्य इस योजना के तहत गोवा में लगभग पांच लाख परिवारों में 15 लाख एलईडी बल्ब का वितरण करना है।
कवथनकर ने कहा कि एक साल पहले जब मोदी फ्रांस में राफेल लड़ाकू विमान समझौते को लेकर सौदेबाजी कर रहे थे, तब पर्रिकर हाथ में मछली लेकर मछली के एक स्टॉल का उद्घाटन कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “जब प्रधानमंत्री वर्तमान में अफ्रीका यात्रा पर हैं, तब सरकार के कम से कम एक वरिष्ठ मंत्री को देश में क्या हो रहा है, इस पर अधिक से अधिक सतर्क रहना चाहिए। लेकिन मोदी द्वारा राफेल की सौदेबाजी के वक्त मछली के स्टॉल का उद्घाटन कर चुके रक्षामंत्री से हम क्या उम्मीद कर सकते हैं।”
dharmpath.com dharmpath