नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के जम्मू एवं कश्मीर पर दिए गए बयान की निंदा की और कहा कि पाकिस्तान को पहले मानवाधिकार का मतलब समझना चाहिए।
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने यहां पत्रकारों से कहा, “पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का एक घोषित आतंकवादी के समर्थन में बयान देना निंदनीय है।”
उन्होंने आगे कहा, “वे शायद भूल गए हैं कि पाकिस्तान खुद आतंकवाद से जूझ रहा है। और ऐसा लगता है कि उन्हें मानवाधिकार का मतलब ही नहीं पता। उन्हें नहीं पता कि उन्हें दुनिया में आतंकवाद का निर्यात करने वाले देश के रूप में जाना जाता है।”
सिंघवी ने लगे हाथ केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “आपकी कूटनीति ही ऐसी है कि आपको ऐसे जवाब मिलते हैं।”
उल्लेखनीय है कि शरीफ ने सोमवार को ‘जबरन कब्जा लिए गए’ जम्मू एवं कश्मीर में जनमत संग्रह करवाए जाने की मांग की ताकि स्थानीय लोग खुद यह निर्णय करें कि वे भारत में बने रहना चाहते हैं या पाकिस्तान से जुड़ना चाहते हैं।
शरीफ ने शुक्रवार को भारतीय सेना द्वारा हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी को मार गिराए जाने पर चिंता जताई और दुख व्यक्त किया।
शरीफ ने कश्मीर के अलगाववादी नेताओं की गिरफ्तारी पर भी चिंता जाहिर की और कहा कि भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में लिए गए संकल्पों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए मानवाधिकारों का पालन करना चाहिए।
शरीफ के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कांग्रेस नेता सिंघवी ने कहा, “कोई भी किसी ऐसे घोषित आतंकवादी का समर्थन नहीं कर सकता, जो आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त रहा हो..जहां तक बात इस पर चिंता जताने वाले लोगों की है तो वे दिग्भ्रमित हमदर्द हो सकते हैं।”
dharmpath.com dharmpath