नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय जहाजरानी, सड़क परिवहन तथा राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने वाणिज्यिक रूप से दुनिया के सबसे अधिक व्यावहारिक अंतर्देशीय जलमार्ग प्रणाली मिसिसिपी नदी का गुरुवार को दौरा किया। इस अंतर्देशीय जलमार्ग की लंबाई 40,000 किलोमीटर है। इससे लगभग पूरे उत्तरी अमेरिका की यात्रा की जा सकती है।
यहां मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि गडकरी मिसिसिपी नदी अंतर्देशीय जलमार्ग की संरचना के अध्ययन के एक मिशन पर गए हुए हैं। उन्होंने संत पोर्ट लुईस बंदरगाह के अधिकारियों के साथ भूमि बंदरगाह के संचालन पर अपने विचार साझा किए और मिसिसिपी नदी अंतर्देशीय जलमार्ग की तरह ही गंगा नदी जलमार्ग को भी प्रभावी तथा वाणिज्यिक रूप से व्यावहारिक बनाने तथा जहाजों के चलने योग्य बनाने की संभावनाओं का मूल्यांकन किया।
बयान के अनुसार, इस दौरे के दौरान गठकरी ने अपने मंत्रालय के अधिकारियों के साथ नौका की सवारी की और प्रभावी लॉक आधारित प्रणाली भी देखी। वह बैराज और अधिकारियों द्वारा जहाज संचालन को लागत प्रभावी रखने के कार्य से काफी प्रभावित हुए।
बयान में कहा गया है कि इस दौरान गडकरी ने नदी के नियमित गाद हटाने तथा लॉकिंग सिस्टम के जरिए माल लदान बजरों के रखरखाव के बारे में जानकारी हासिल की।
गडकरी ने कहा, “अमेरिका की तरह भारत में भी केन्द्र सरकार अंतर्देशीय जलमार्गो का प्रबंधन करेगी। हम मिसिसिपी नदी अंतर्देशीय जलमार्ग की तरह ढाई से तीन मीटर के तलछट का रखरखाव कर सकते हैं। भारतीय नदियों में वर्ष भर जहाजों एवं नौकाओं का संचालन किया जा सकता है, जबकि अमेरिकी नदियों में कुछ महीने इस तरह के संचालन को रोकना पड़ता है।”
dharmpath.com dharmpath