भोपाल, 19 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी में चल रह अवैध उत्खनन, बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ बीते 17 माह से अनशन कर रहे समर्थ नर्मदा मिशन के संस्थापक स्वामी समर्थ भैयाजी सरकार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा संरक्षण के लिए अभियान चलाने का आश्वासन दिया और उन्हें जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि पवित्र नर्मदा नदी के दोनों तट पर सघन वृक्षारोपण का अभियान ‘नमामि देवी नर्मदे’ आगामी 11 नवंबर से चलाया जाएगा। अभियान में जन-सहयोग से नर्मदा के दोनों तट पर वृक्षारोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री मंगलवार को यहां वैशाली नगर में जबलपुर (पाटन) के भैयाजी सरकार से चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने स्वामी समर्थ भैयाजी द्वारा नर्मदा स्वच्छता के लिए बीते 17 माह से किया जा रहा अनशन जूस पिलाकर तुड़वाया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अभियान में निजी भूमि पर फलदार वृक्ष लगाने पर तीन वर्ष तक राज्य शासन किसानों के उत्पादन में हुए नुकसान की भरपाई करेगा। अभियान में संतों तथा समाज के सभी वगोर्ं का सहयोग लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नर्मदा नदी में गंदे नालों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए करीब 1500 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। नर्मदा नदी से अवैध उत्खनन को सख्ती से रोका जाएगा।
स्वामी समर्थ भैयाजी ने कहा कि नर्मदा को प्रदूषणमुक्त करने के लिए प्रदेश में वातावरण बनाया जाए। लोगों को वृक्षों के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए। साथ ही नर्मदा नदी के तट पर स्थित शराब की दुकानों को हटाया जाए।
dharmpath.com dharmpath