आरा, 20 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने खेत में काम कर रहे एक किसान और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का कारण दो गुटों में वर्चस्व की लड़ाई को बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बेलाउर गांव निवासी उमेश राय (55) अपने बेटे मनीष कुमार (23) के साथ मंगलवार की रात गांव के ही समीप ट्रैक्टर से खेत जोत रहे थे, तभी बदमाशों ने दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए।
ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस ने बुधवार को खेत से दोनों का शव बरामद किया।
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक छत्रनिल सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया हत्या का कारण आपसी वर्चस्व की लड़ाई लग रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उमेश व मनीष कई अपराधिक मामलों के आरोप में जेल में बंद बुटन चौधरी के समर्थक बताए जाते थे। उमेश पर भी हत्या सहित कई मामले उदवंतनगर थाने में दर्ज हैं।
dharmpath.com dharmpath