भोपाल-मध्य प्रदेश में मानसून के सक्रिय सिस्टम ने एक बार फिर बारिश का जोर बढ़ा दिया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण डिंडौरी, पन्ना, रीवा, सतना, छतरपुर समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नर्मदा और मंदाकिनी समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर समेत 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है।
लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए मैहर और डिंडौरी में शुक्रवार को स्कूल बंद रखे गए हैं। डिंडौरी में आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद कर दिए गए हैं। पन्ना में भी लगातार बारिश और नदी और नालों के उफान को देखते हुए शुक्रवार और शनिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
पन्ना जिले में बारिश का असर नदी और नालों पर साफ दिखाई दे रहा है। केन, मिढ़ासन, व्यारमा और पतने नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। तेंदुघाट बांध के पांच गेट खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन की ओर से नदी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उमरिया में भी जलस्तर बढ़ने के बाद संजय गांधी थर्मल पॉवर स्टेशन के जोहिला डैम के दो गेट एक-एक मीटर तक खोल दिए गए हैं। डैम से पानी छोड़े जाने के कारण आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है।
dharmpath.com dharmpath