भोपाल-मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने और कई दिनों से तेज बारिश नहीं होने के बीच राजधानी भोपाल में शनिवार को अनोखी तस्वीर देखने को मिली। कोलार रोड स्थित गेस्ट हाउस के पास लोगों ने अच्छी बारिश की कामना के साथ गधों को गुलाब जामुन खिलाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सालों पुरानी लोक परंपरा है जिसके तहत मानसून कमजोर पड़ने पर गधों को मिठाई खिलाकर इंद्रदेव से अच्छी बारिश की प्रार्थना की जाती है। इस दौरान लोगों ने प्रदेश में अच्छी बारिश, किसानों की समृद्धि और जल संकट दूर होने की कामना भी की।
यह आयोजन ऐसे समय हुआ है जब प्रदेश में बारिश का लंबा ब्रेक देखने को मिला है। जुलाई के शुरुआती दिनों के बाद लगातार नौ दिनों तक अधिकांश जिलों में भारी बारिश नहीं हुई। जिसकी वजह से प्रदेश में औसत बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, अब तक मध्य प्रदेश में 247 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि, इस अवधि में सामान्य औसत 291 मिमी होना चाहिए था। यानी प्रदेश में अब तक करीब 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की कमी 26 प्रतिशत तक पहुंच गई है। जबकि, पश्चिमी हिस्से में भी सामान्य से 5 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
dharmpath.com dharmpath