रियो डी जनेरियो, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के अग्रणी पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने ब्राजील की मेजबानी में चल रहे 31वें ओलम्पिक खेलों के 10वें दिन सोमवार को पुरुष एकल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
रियो सेंटर के पवेलियन-4 में खेले गए इस मैच में 11वीं विश्व वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने पांचवीं विश्व वरीयता प्राप्त डेनमार्क के जैन ओ जोर्गेनसेन को सीधे गेमों में 21-19, 21-19 से हराया।
डेनमार्क के खिलाड़ी ने भारतीय खिलाड़ी को अच्छी चुनौती दी, लेकिन वह जीत दर्ज नहीं कर पाए। दोनों खिलाड़ियों के बीच पूरे मैच में अच्छी प्रतिस्पर्धा देखी गई। पहला गेम एक समय 10-10 से बराबरी पर चल रहा था, यहां से श्रीकांत ने 13-12 की बढ़त हासिल की।
लेकिन जोर्गेनसेन ने तुरंत वापसी करते हुए फिर 13-13 से बराबरी कर ली। भारतीय खिलाड़ी ने लगातार दो अंक हासिल करते हुए 15-13 से बढ़त ले ली। श्रीकांत ने इस बढ़त को कायम रखा और गेम 20 मिनट में 21-19 से अपने नाम किया।
दूसरे गेम में जोर्गेनसेन ने शानदार खेल दिखाया और पहले गेम के आधार पर इस गेम में भारतीय खिलाड़ी की कमजोरियों पर वार किया।
श्रीकांत ने दूसरे गेम में 3-2 से बढ़त ले ली थी जिसे उन्होंने 8-6 तक पहुंचा दिया। जोर्गेनसेन ने संयम से काम लिया और दो शानदार शॉट खेलते हुए स्कोर 8-8 कर दिया।
बराबरी करने के बाद जोर्गेनसेन, श्रीकांत पर हावी हो गए और तुरंत दो अंक हासिल करते हुए आगे निकल गए। लेकिन राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद के मार्गदर्शन में अभ्यास करने वाले श्रीकांत ने धैर्य बनाए रखा और फिर 10-10 से बराबरी कर ली।
यहां से दोनों खिलाड़ियों के बीच आगे निकलने की होड़ मच गई और हर एक अंक के बाद स्कोर बराबरी पर आ जाता। एक समय श्रीकांत 17-14 से पीछे थे और लग रहा था कि जोर्गेनसेन दूसरा गेम जीत मैच तीसरे गेम में ले जाएंगे। इस दौरान श्रीकांत ने अपनी समझदारी के साथ चुस्ती फुर्ती की बदौलत वापसी की और कुछ शानदार शॉट खेल स्कोर 17-17 से बराबर कर लिया।
श्रीकांत ने यहां से मैच पर नियंत्रण पा लिया और जोर्गेनसेन पर हावी हो गए। अंतत: दूसरे गेम में 22 मिनट में 21-19 से जीत दर्ज करते हुए श्रीकांत ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।
श्रीकांत ने इसके साथ ही जोर्गेनसेन के साथ अपनी जीत-हार का आंकड़ा 2-2 से बराबर कर लिया।
क्वार्टर फाइनल में अब उनके सामने लगातार दो बार के चैम्पियन चीन के लिन डैन की कड़ी चुनौती होगी। बीजिंग ओलम्पिक-2008 और लंदन ओलम्पिक-2012 विजेता डैन विश्व चैम्पियनशिप में बीते 10 वर्षो में पांच बार चैम्पियन रह चुके हैं।
श्रीकांत के खिलाफ उनका रिकॉर्ड 2-1 का है। हालांकि चीन ओपन-2014 में आखिरी भिड़ंत में श्रीकांत उन्हें मात देने में सफल रहे थे।
बैडमिंटन में भारत की एक और उम्मीद महिला एकल वर्ग में पी. वी. सिंधु सोमवार को ही अपना प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेंगी।