इस्लामाबाद, 9 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है, इसलिए देश के परमाणु कार्यक्रम से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी के बयान पर चर्चा के दौरान यह बात कही। केरी ने कहा था कि सऊदी अरब, पाकिस्तान से परमाणु बम खरीद सकता है।
रेडियो पाकिस्तान के अनुसार अजीज ने कहा कि मीडिया ने केरी के बयान को गलत ढंग से पेश किया। उन्होंने कहा कि परमाणु कार्यक्रम एक प्रतिरोधक उपाय है और पाकिस्तान के परमाणु कमांड और नियंत्रण प्रणाली की पूरी दुनिया ने तारीफ की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की अमेरिका यात्रा और उनकी अपनी वशिंगटन यात्रा के दौरान अमेरिकी प्रशासन से साफ कहा गया था कि पाकिस्तान अपने परमाणु कार्यक्रम पर कोई प्रतिबंध मंजूर नहीं करेगा।
अजीज के अनुसार अमेरिकी प्रशासन से कहा गया कि प्रतिरोध की अवधारणा गतिशील है और पाकिस्तान को अपने प्रतिद्वंद्वियों की क्षमता में बढ़ोतरी का ख्याल रखना होगा।
उन्होंने कहा कि चीन के सहयोग से पाकिस्तान ने भारत के परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह के सदस्य बनने के प्रयास को विफल कर दिया।