भोपाल/नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को उनके ‘गोरी चमड़ी’ वाले बयान पर संकीर्ण मानसिकता का व्यक्ति करार देते कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि वह इस मामले पर कोई भी प्रतिक्रिया नहीं देना चाहती हैं। गिरिराज सिंह ने कहा था कि गोरी चमड़ी के कारण सोनिया गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया।
किसानों का हाल जानने मध्यप्रदेश के दौरे पर आए सोनिया गांधी से मीडियाकर्मियों ने जब गिरिराज सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया जाननी चाही तो कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “उन्होंने (गिरिराज) क्या कहा था?”
स्वयं को लेकर गिरिराज सिंह के बयान को पूरा सुनने के बाद सोनिया गांधी ने कहा, “मैं उन लोगों पर कोई प्रतिक्रिया देना पसंद नहीं करूंगी जो लोग संकीर्ण मानसिकता वाले हैं।”
उल्लेखनीय है कि गिरिराज सिंह ने मंगलवार को पटना में कहा था कि अगर राजीव गांधी किसी काले रंग वाली नाइजीरियाई महिला से शादी करते तो क्या कांग्रेस तब भी उन्हें अपना अध्यक्ष चुनती।
अपने बयान का पूरे देश में विरोध होते देख बुधवार को हालांकि गिरिराज ने सोनिया पर की गई टिप्पणी पर खेद जताया और कहा कि उन्होंने यह बयान अनौपचारिक रूप से दिया था।
मध्य प्रदेश में असमय बारिश के कारण हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नीमच जिले का दौरा किया।
वहीं कांग्रेस के प्रवक्ता संजय झा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उदासीन दृष्टिकोण की निंदा करते हुए कहा कि देश भर से इस बयान पर प्रतिक्रिया आ रही है और लोग केंद्रीय मंत्री को हटाने की मांग कर रहे हैं इसके बावजूद उसके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप्पी साधे हुए हैं।
गिरिराज सिंह को ‘अपराध दोहराने’ वाला बताते हुए झा ने आईएएनएस से कहा, “2014 में चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने सभी मोदी विरोधियों को पाकिस्तान जाने के लिए कहा था, इसके बावजूद उन्हें कैबिनेट में स्थान देकर पुरस्कृत किया गया।”
कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि वह गिरिराज सिंह के इस्तीफे की अपनी मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाएगी।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने गुरुवार को कहा कि विवादित बयान पर गिरिराज की माफी के साथ ही यह मामला खत्म हो गया है।