बीजिंग, लंदन ओलम्पिक के 4 रूसी खिलाड़ी अयोग्य घोषित

लुसाने, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने बुधवार को बीजिंग और लंदन ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले चार रूसी खिलाड़ियों को डोपिंग का दोषी पाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बीते ओलम्पिक खेलों के दौरान लिए गए खिलाड़ियों के नमूनों की दोबारा जांच में प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन की पुष्टि होने के बाद यह निर्णय लिया गया।

इसमें बीजिंग ओलम्पिक-2008 में हिस्सा लेने वाले तीन खिलाड़ी, जबकि लंदन ओलम्पिक-2012 में हिस्सा लेने वाला एक खिलाड़ी शामिल है।

बीजिंग ओलम्पिक में महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में रजत जीतने वाली मारिया अबाकुमोवा के नमूने डोप पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनका पदक छीन लिया गया।

बीजिंग ओलम्पिक में ही महिलाओं की 10,000 मीटर स्पर्धा में हिस्सा लेने वाली इंगा अबितोवा भी इनमें शामिल हैं। तब वह छठे स्थान पर रही थीं।

बीजिंग ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले जिस तीसरे खिलाड़ी को अयोग्य घोषित करार दिया गया, वह 400 मीटर स्पर्धा में 23वें स्थान पर रहे डेनिस एलेक्सीव हैं।

वहीं लंदन ओलम्पिक में साइकिलिंग की ट्रैक कीरीन स्पर्धा में आठवें स्थान पर रहीं एकातेरिना निदेंको अयोग्य करार दी गईं चौथी एथलीट हैं।

गौरतलब है कि उस समय डोप जांच से बच निकले ये चारों खिलाड़ी जांच की अधुनिक तकनीक की खोज और उसके इस्तेमाल के कारण पकड़े जा सके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493